|
सीडी रोम में समाया ज्ञान-संसार |
|
रविशंकर श्रीवास्तव |
सीडी
अपनी खासियत
– ढेरों डाटा अपने भीतर भंडारित रख सकने
की काबिलियत के कारण तेजी से लोकप्रियता की सीढ़ी पर चढ़ा,
और अपनी इसी खासियत के कारण संगीत उद्योग
के बजाए अब मुख्यत: कंप्यूटर उद्योग में काम आ रहा है।
इसकी खासियतें हैं अपने छोटे से आकार में सैकड़ों मेगाबाइट
डाटा भंडार कर रखने की क्षमता तथा लगभग सौ वर्षों का स्वयं
जीवन। यानी एक सीडी रोम को उचित ढंग से रखा जाए,
तो यह लगभग सौ वर्षों तक सुरक्षित रहता है,
और इसके भीतर का भंडार किया हुआ डाटा भी
सुरक्षित रहता है। आज सीडी रोम सर्वव्यापक हो गया है।
संगीत और वीडियो फिल्में सीडी रोम में तो उपलब्ध हो ही रहे
थे, अब कंप्यूटर में काम आने वाले
प्राय: सभी प्रोग्राम सीडी रोम में ही आ रहे हैं। सीडी रोम
को राइटेबल और री-राइटेबल यानी लिखे जा सकने वाले और पुन:
लिखे जा सकने वाले तरह के बना कर इसकी उपयोगिता को और भी
बढ़ा दिया गया है। न सिर्फ कंप्यूटर प्रोग्राम,
बल्कि और भी ढेर सारे शिक्षा,
मनोरंजन, ज्ञान और
संदर्भ सूचियों के क्षेत्र में सीडी रोम का उपयोग व्यापक
स्तरों पर होने लगा है।
आपकी शिक्षा के लिए सीडी रोम
नर्सरी से लेकर कॉलेज तक की शिक्षा
के लिए हर विषय के ऐसे सीडी रोम आपको मिल जाएंगे,
जिनमें सामान्य किताबों की तरह के पढ़ाई के
विषय वस्तु तो होते ही हैं, इन
विषयों को आडियो वीडियो के द्वारा दृष्य श्रव्य चित्रों के
माध्यम से ज्यादा अच्छे और असरकारी तरीके से समझाया गया
होता है। विदेश में शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक लोगों
के लिए एलसेट, टॉफेल,
जीमेट और जीआरई की परीक्षाओं की तैयारी के
लिए भी अब सीडी रोम उपलब्ध हैं। इन कक्षाओं के अलावा जीवन
के अन्य समस्त क्षेत्रों मसलन फैशन डिजाइनिंग,
घर की सजावट,
बागवानी, पाककला,
वास्तुशास्त्र,
कामसूत्र, हस्तरेखा विज्ञान,
खगोल विज्ञान,
भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं शास्त्रीय नृत्य से लेकर
रामायण, महाभारत और जीसस क्राइस्ट
तक के बारे में सीडी रोम उपलब्ध हैं। जैसा कि पूर्व में ही
बताया गया है, इन सीडी रोम में इन
विषय वस्तुओं के बारे में विस्तृत जानकारियां तो होती ही
हैं, दृष्य श्रव्य माध्यम से इन
विषयों का सुंदर तरीके से वर्णन किया हुआ होता है। भारत
में बहुत सी भाषाएं प्रचलित हैं। अत: आजकल प्राय: सीडी रोम
को बहुभाषी रूप में जारी किया जाने लगा है। इनमें एक भाषा
मुख्यत: अंग्रेजी होती है, और
दूसरी प्रादेशिक स्तर की भाषा जैसे हिन्दी,
गुजराती या तमिल या अन्य कोई भाषा होती
है। इस प्रकार एक ही सीडी रोम में उपयोग कर्ता उसमें
उपलब्ध आप्शन में से चुनाव कर अपनी मन पसंद भाषा का लाभ ले
सकता है।
आपके मनोरंजन के लिए सीडी रोम
सीडी रोम का सर्वाधिक उपयोग मनोरंजन के साधनों में हो रहा
है। वैसे सीडी रोम की खोज भी संगीत उद्योग के लिए ही किया
गया था ताकि बड़े,
बदसूरत, काले और
भारी रेकार्ड्स को छोटा, सुविधाजनक,
सुंदर और ज्यादा प्रभावी बनाया जा सके।
सीडी रोम ने रेकॉर्ड प्लेयरों को तो खत्म ही कर डाला है और
कैसेट प्लेयरों के बाजार को कम कर दिया है। संगीत और
फिल्में तो मुख्य रूप से सीडी रोम में जारी होते ही हैं,
मनोरंजन के कंप्यूटर आधारित सीडी रोम भी
ढेरों की संख्या में जारी होते हैं। बच्चों की कहानियाँ
जैसे अप्पू की कहानियां, पंचतंत्र
तथा अलीबाबा और चालीस चोर, लोगों
के पसंदीदा कंप्यूटर खेल जैसे रोड रेस और टॉम्ब रेडर,
चुटकुले,
क्रियात्मक खेल जैसे पजल, निकोलाई
की रेल और अल्फा चिड़ियाघर जैसे नए प्रकार के मनोरंजक सीडी
रोम नित्यप्रति जारी हो रहे हैं। इन सीडी रोम की एक खासियत
यह भी है कि एक तरफ तो खेल का खेल हो जाता है स्वस्थ
मनोरंजन के लिए, तो दूसरी तरफ
व्यक्ति का ज्ञान बढ़ता है। उदाहरण के लिए,
अल्फा चिड़ियाधर सीडी रोम के जरिए आप घर
बैठे ही अपने कंप्यूटर पर विश्व के सबसे बड़े चिड़ियाघर की
सैर कर सकते हैं, जहां पर आपको
प्राय: हर किस्म के जानवरों को बहुत नजदीक से,
उनके रहन सहन के तौर तरीकों सहित देखने का
अवसर मिलता है। पंचतंत्र की एनीमेटेड कहानियों से आपको
प्राचीन भारतीय संस्कृति की झलक देखने को तो मिलती ही है,
उन शिक्षा प्रद कहानियों से आपके जीवन में
नई आशाओं का संचार भी होता है।
विश्वकोष,
डिक्शनरी एवं संदर्भ ग्रंथ
अभी कुछ दिनों पहले हो हल्ला मचा था कि अत्यंत लोकप्रिय
इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका नामक विश्वकोष प्रकाशित करने
वाली कंपनी अपना यह विश्वकोश जो कि तीस से अधिक खंडों में
छाप कर पुस्तक रूप में प्रकाशित करती है,
अपना पुस्तक रूपी इनसाइक्लो पीडिया का
प्रकाशन स्थगित करने जा रही है। कारण?
कारण यह था कि इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका
के प्रिंट एडीशन को खरीदने वाले अब उन्हें ढूंढे नहीं
मिलते चूंकि उस कंपनी ने इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका का
पूरा संस्करण मात्र दो सीडी रोम में जारी कर दिया है और
लोग तीस खंड के भारी भरकम इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका का
प्रिंट एडीशन खरीदकर उसके पन्ने पलटने के बजाए कंप्यूटर के
सीडी रोम ड्राइव में इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका का सीडी
रोम डालकर माउस के एक क्लिक से अपनी मनपसंद जानकारी
चुटकियों में हासिल करना ज्यादा पसंद करने लगे हैं। आज
विश्व के लगभग सभी इनसाइक्लोपीडिया के सीडी रोम संस्करण्ा
जारी हो चुके हैं, और एक आम आदमी
के पंहुच के भीतर भी हैं। जहां इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका
का तीस खंडों का प्रिंट एडीशन आपको तीस हजार रूपए से अधिक
में मिलता है और उसे रखने के लिए आपको विशेष आलमारी की
जरूरत होती है, इसी
इनसाइक्लोपीडिया ब्रिटेनिका का सीडी रोम एडीशन आपको मात्र
डेढ़ दो हजार रूपयों में मिल जाता है और इसे आप अपने जेब
में भी आराम से रख सकते हैं। इस प्रकार सीडी रोम न सिर्फ
सुविधा जनक है, वरन काफी सस्ता भी
है। माइक्रोसॉफ्ट का इनसाइक्लोपीडिया एनकॉर्टा अपने आप में
विश्व के संपूर्ण विषयों के बारे मे लाखों प्रविष्टियों को
समेटे हुए है, तथा इसमें यह
सुविधा भी है कि एक बार आपके इसके खरीद लेने पर भविष्य की
नवीनतम जानकारी प्राप्त करने हेतु इसका नया संस्करण खरीदना
नहीं होगा, बल्कि आप चाहें तो
इंटरनेट के माध्यम से ताजातरीन जानकारी लोड कर अपने ज्ञान
में वृध्दि कर सकते हैं। बच्चों के लिए डीं.के.
मल्टीमीडिया का अलग विश्वकोश है,
तो हचिंसन का शैक्षणिक विश्वकोश अलग से सीडी रोम में
उपलब्ध है। इसी प्रकार विश्व की प्राय: सभी प्रमुख
डिक्शनरियां यानी शब्दकोश भी सीडी रोम में उपलब्ध हैं।
आपके लिए और भी कई ढेरों चमत्कार
आपको योग और प्राणायाम के बारे में
सीखना है? योगा एण्ड मेडिटेशन नाम
का सीडी रोम आपके काम आएगा। आपका डीटीपी का व्यवसाय है?
ढेर सारे सीडी रोम में आपके वांछित लाखों
की तादाद में क्लिप आर्ट और फोटोग्राफ और सैकड़ों फोंट हर
अवसर पर उपयोग हेतु उपलब्ध हैं। आपको घर बैठे वायुयान
चलाना सीखना है? माइक्रोसाफ्ट का
फ्लाइट सिमुलेटर नामक सीडी रोम आपको पूरी मदद करेगा। इस
सीडी रोम के जरिए आप वास्तविक एयरक्राफ्ट के वास्तविक
कॉकपिट के वातावरण में वायुयान चालन,
टेकऑफ, लैंडिंग
इत्यादि का प्रशिक्षण ले सकते हैं। भारत की अन्य भाषाओं को
सीखना चाहते हैं? ईजी लेंगुएज नामक
सीडी रोम के द्वारा आप भारत के सत्रह भाषाओं को सीख सकते
हैं। स्टैम्प कलेक्शन का शौक आपको है?
ठीक है, अब आपको
स्टैम्प जुगाड़ कर पन्नों में चिपका कर रखना नहीं पड़ेगा। बस
डिजिटल स्टैम्प एलबम नामक सीडी रोम ले आइए। कंप्यूटर के
स्क्रीन पर आपका स्टैम्प एलबम हाजिर है। अपने घर की
इंटीरियर का डेकोरेशन नए ढंग से करना है? 3डी
इंटीरियर डिजाइन नाम का सीडी रोम आपको इंटीरियर डिजाइनर
बनाने की पूरी खूबी रखता है। और अगर आपको कुछ भी करना नहीं
है, तो एक काम तो कर ही सकते हैं-
वह यह कि डिजिटल फार्मेट के 2000
मिडि सांग की सीडी कंप्यूटर में चला कर सैकड़ों घंटों का
अनवरत संगीत का आनन्द तो ले ही सकते हैं।