कोटा । कोटा राजस्थान की संस्था ’इनसाइट’ द्वारा 4 दिवसीय रामकथा पर प्रसिद्ध कालजयी रचनाकार डॉ. नरेन्द्र कोहली का व्याख्यान एवं काव्यात्मक संगीत संध्या का आयोजन किया गया । आयोजन के प्रथम दिन डॉ. कोहली एवं श्रीमती कोहली की उपस्थिति में कोटा के कुछ वरिष्ट साहित्यकार एवं संगीत कलाकारों ने भगवान कृष्ण के प्रति अपने भजनों एवं कविताओं की प्रस्तुति दी । कार्यक्रम का शुभारम्भ गायक एवं गज़लकार शरद तैलंग के भजन गायन से हुआ । उन्होंने ललित किशोरी की एक भक्ति रचना प्रस्तुत की जिस पूरी रचना में भगवान कृष्ण के नयनों का अनेक उपमाओं द्वारा वर्णन किया गया था । रचना के बोल थे - सजीले, सकुचीले, सरसीले, सुरमीले से, रूप के लुभीले, कजरीले, उनमीले हैं ..। तैलंग के अतिरिक्त रचनाकार आर.सी.शर्मा ’आरसी’ ने ब्रज भाषा की एक स्वरचित रचना "श्याम निगोडे ने कैसी करी.. तथा मीरां के जीवन पर अपनी रचना सुनाई । संगीत गायकों में मनोज गौतम तथा रवीन्द्र सारस्वत ने भी भजन प्रस्तुत कर माहौल को कृष्णमय बना दिया । रचनाकारों में रामेश्वर शर्मा ’रामू भैया’, अरविन्द सोरल तथा प्रसिद्ध साहित्यकार वशीर अहमद ’मयूख’ ने भी कृष्ण से संम्बंधित अपनी रचनाओं का पाठ किया ।
-sm.jpg)
पहले दिन का कार्यक्रम का समापन कृष्ण जन्म के साथ आरती एवं संकीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हुआ । इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध रचनाकार तथा अनेक पुस्तकों एवं रामकथा को एक अलग दृष्टिकोण से रचने वाले डॉ. नरेन्द्र कोहली द्वारा तीन दिनों तक रामकथा की प्रस्तुति था। अपने व्याख्यान में डॉ. कोहली ने रामकथा के बारे में जन जन में व्याप्त अनेक प्रचलित कथाओं तथा शंकाओं और भ्रान्तियों को एक नए विश्लेष्णात्मक एवं नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया । नगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनके व्याख्यान का भरपूर लाभ उठाया । आयोजन में विशिष्ट अतिथि कोटा विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. विजय सिंह’, कोटा विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो.एम.के.घडोलिया, तकनीकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो यादव, एस.एस.आई. के प्रेसीडेन्ट गोविन्दराम मित्तल तथा कोटा नगर की महापौर डॉ. रत्ना जैन ने की तथा अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार बशीर अहमद ’मयूख’, डॉ. दयाकृष्ण विजय तथा बक्शी स्प्रिन्ग्डेल्स विद्यालय की संस्थापक श्रीमती उर्मिला बक्शी ने की । कार्यक्रम का सफल संचालन ’इनसाइट’ के संचालक शिशिर मित्तल ने किया ।

![Validate my Atom 1.0 feed [Valid Atom 1.0]](valid-atom.png)