तोते |
|
|
लघुकथा |
|
|
|
|
कोरस, श्रेया और गुंजन; तीनों बच्चे अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतानें हैं । तीनों तीन साल के होनेवाले हैं । तीनों के माता-पिता की शिक्षा स्नातकोत्तर से कम नहीं है । पिता लोग इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं । टीचर्स कॉलोनी में तीनों के क्वार्टर्स पास-पास हैं ।
कोरस की मम्मी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ी हैं और अँगरेज़ी विषय के साथ एम॰ ए॰ हैं । उसके पापा भूगोल पढ़ाते हैं । मम्मी ने उसे व्यवहार में आने वाली समस्त वस्तुओं के नाम अँगरेज़ी में रटा रखे हैं । वह अधिकांश वस्तुओं के हिंदी नामों से अनभिज्ञ है । यदि चार लोगों के सामने उसके मुँह से कुत्ता के लिए ‘डॉगी’ के स्थान पर कुत्ता निकल जाए, तो वे अपने आप में ही शर्म से पानी-पानी हो जाते हैं । भले ही इस बात पर किसी और ने ध्यान दिया हो या न दिया हो । बाद में वे अपने बच्चे से यह कहकर भूल-सुधार करा देते हैं कि बेटा, यह कुत्ता नहीं ‘डॉगी’ है । इत्यादि। श्रेया की मम्मी हिंदी विषय के साथ एम॰ ए॰ हैं तथा जूनियर हाईस्कूल में अध्यापिका हैं । पापा गणित पढ़ाते हैं । वे हिंदी-अँगरेजी के चक्कर में अधिक नहीं पड़ते । पर मम्मी श्रेया को सदैव ‘नोज मींस नाक’, ‘पप्पी मींस पिल्ला’ और ‘बर्ड मींस चिड़िया’ कहकर ही सिखाती हैं । अतः उसे अधिकांश वस्तुओं के नाम दोनों भाषाओं में याद हैं, लेकिन ठीक इसी तरह से । गुंजन की मम्मी समाजशास्त्र में एम॰ ए॰ हैं और उनके पति अर्थशास्त्र के प्रवक्ता । उन दोनों ने अपने बच्चे के मस्तिष्क पर कोई अतिरिक्त भार नहीं डाल रखा है । उनका मानना है कि जब स्कूल जाएगा, तो अपने आप सीख जाएगा । कुछ भी हो, पर तीनों ही माता-पिता की हार्दिक अभिलाषा है कि उनके बच्चे को कॉन्वेंट में एडमिशन मिल जाए । एक दिन ये सभी लोग एक साथ पार्क में बैठे हुए थे । तीनों बच्चे पास में खेल रहे थे । कोरस ने बड़ी आकर्षक टी-शर्ट पहन रखी थी । उस पर आइसक्रीम खाता हुआ बड़ा-सा बंदर बना हुआ था । कोरस, गुंजन को अपनी शर्ट दिखाते हुए बोला - ‘‘ये मंकी है ।’’ गुंजन को लगा, वह ग़लत बोल रहा है । उसने भूल-सुधार करते हुए कहा - ‘‘नहीं, ये बंदर है ।’’ तब श्रेया ने दोनों को बताया - ‘‘यह मंकी मींस बंदर है ।’’ फिर भी कोरस और गुंजन यह नहीं समझ पाए कि दोनों ही नाम ठीक हैं और झगड़ा करने लगे ।
|
|
रावेंद्रकुमार रवि
चारुबेटा, खटीमा,ऊधमसिंहनगर,
उत्तराखंड, भारत – 262308
मो.-919897614866
raavendra.ravi@gmail.com

![Validate my Atom 1.0 feed [Valid Atom 1.0]](valid-atom.png)