श्रेणियाँ

पाँच कविताएँ

प्रकाशन :शनिवार, 6 नवम्बर 2010
डॉ. राजेश दीक्षित नीरव
एक
बहुत लंबी-चौड़ी, विस्तृत
मगर परिधि-सी तुम
मुझे घेर रहती हो
बहुत ऊँचे, विशाल, सीमाहीन
आकाश से तुम
छाए रहते हो मुझ पर
बहुत गंभीर, गहरी, रोचक
किताब-सी तुम
बसी रहती हो ज़ेहन में
बहुत स्वतंत्र, नटखट कविता की तरह
कल्पना-से तुम मँडराते रहते हो मेरे आस-पास
दो
बहुत अजीब शै थे यार तुम भी
जेवरों की पेटी में रखते थे उदासी सहेजकर
कभी भूले से आ जाती थी हँसी महफ़िल में
रोया करते थे, घंटों अकेले बैठकर
ख़ुशी हरदम बाँटते थे हमसे बराबर
ग़म को चुपचाप रख लेते थे, दामन में समेटकर
एक ख़ामोशी घर बनाए रखती हमेशा
निकलती थी हसरतें अक्सर आँखों के पानी से तैरकर
अब ना तो उदासी रही न ग़म, न आँसू, न खलिश
तुम हो कि बैठे हो उदास यही सोचकर
तीन
सच गर्भगृह में बंदी
छद्म है शिखर-पूजित
मैं जिस दौर में जी रहा हूँ
मुलम्मों की ली जाती हैं बलैय्या
असलियत है, नकाबित
मैं जिस दौर में जी रहा हूँ
अपने चेहरे के तिल को छुपाने
मल ली जाती है कालिख
मैं जिस दौर में जी रहा हूँ
चार
विलंबित ख़ुशियाँ
क्या इनको लेकर करूँगा
असमय जो तूने दी सौगातें
जब इनकी कुछ चाह मुझे थी
जब इनकी परवाह मुझे थी
उस समय तूने की बेपरवाही
अब क्या इनको लेकर करूँगा।
सुख को दुख में बदलकर
दुख भोगा तनहा
अब ‘नीरव’ यदि नीर बहाए
क्या इनको लेकर करूँगा
मेरे नेह का कोमल पौधा
मुरझाकर सूख गया
अब यदि मधु-ऋतु आए
क्या अपना इसको सकूँगा
मेरे भावमय छंद सुनकर
तू हरदम मुझ पर हँसा
मैं मरण-शय्या पर यदि तू इनको दोहराए
क्या इनको सुनकर करूँगा
ना दे कुछ भी अब मुझे तू
दे उसे जिसे ज़रूरत इसकी
मैं तनहा ख़ाली हाथ ही मरूँगा
असमय जो तूने दी सौगातें
क्या इनको लेकर करूँगा
पाँच
कहीं बूँदों की रिमझिम है,
कहीं आँसूओं की बरसातें हैं
चले जाओ ओ प्रियतमा
हम, कब से अकेले हैं
आकाश पर छाए श्यामल घन
कहीं बिखरी उदासी है
धरती है तृषित सारी
कहीं अँखिया प्यासी हैं
सावन बनकर के आ जाओ
मन-मौसम पे छा जाओ
मधु छलका के सब कहीं
मदहोश सबको कर जाओ
यामिनी का कहीं चकमक है
कहीं ज़ोरों का घन गर्जन है
मन में भी मेरे गमक गर्जन
तुम संबल बनकर आ जाओ
मन में बेकरारी है
चहककर देख लूँ तुमको
मचलकर पाँव मैं पकडूँ
झूठे ही रूठ लूँ तुमसे
सचमुच तुम हमें मनाओ
  डॉ. राजेश दीक्षित नीरव
27 श्री विहार कॉलोनी
आसाराम आश्रम के सामने
खंडवा रोड, इंदौर, मध्यप्रदेश
rajesh.neerav@gmail.com
 
         
Bookmark and Share
टिप्पणी लिखें
 
वाक्यांश खोजें




Bing


Site Search Site Search
लेखागार (Archive)
लेखक की प्रविष्टियाँ

RoboForm: Learn more...