|
क्रमश...
राष्ट्रीय आंदोलन, हिंदी प्रचार और पत्रकारिता
गांधीजी की संकल्प-निष्ठा और कई समर्पित हिंदी प्रचारकों की
कर्तव्य-निष्ठा से हिंदी की रसमय धारा दक्षिण में प्रवाहित
होने के साथ-साथ दक्षिण में हिंदी पत्रकारिता की नींव पड़ी थी
। पत्रकारिता सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण तंत्र है । ग़ुलामी
शासन के विरुद्ध उन्मुक्त आवाज़ के रूप में भारतीय पत्रकारिता
का उदय कलकत्ता महानगर में हुआ था । स्वाधीनता आंदोलन के एक
अभिन्न अंग एवं सशक्त हथियार के रूप में भारतीय भाषाई
पत्रकारिता की नींव कलकत्ता में ही डाली गई थी ।
दक्षिण भारत में पत्रकारिता का उदय मद्रास महानगर (वर्तमान
चेन्नई) में हुआ था और यहाँ के पत्रों ने भी राष्ट्रीयता की
आवाज दी थी । हिंदी प्रचार के एक विशिष्ट आयाम के रूप में
दक्षिण भारत में हिंदी पत्रकारिता की नींव भी मद्रास में ही
डाली गई थी । स्वाधीनता आंदोलन के दिनों में दक्षिण भारत से
तमिल, तेलुगु, कन्नड, मलयालम, उर्दू तथा अंग्रेज़ी आदि भाषाओं
में अधिकांश पत्र-पत्रिकाएँ राष्ट्रीय भावनाओं से प्रेरित होकर
ही प्रकाशित हो रही थीं । जनता में राष्ट्रीय चेतना जगाकर
स्वाधीनता की संकल्पना को साकार बनाना ही इन पत्र-पत्रिकाओं का
चरम लक्ष्य रहा । अपनी शैशवावस्था में अपनी सीमाओं में आबद्ध
रहते हुए भी दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता ने हिंदी प्रचार
आंदोलन को गति देने के द्वारा वास्तव में राष्ट्रीय चेतना
जगाकर स्वाधीनता संग्राम के लिए अपेक्षित भावभूमि के निर्माण
में भी यथोधिक योग दिया ।
जहाँ एक ओर दक्षिण में हिंदी प्रचार-प्रसार के अभिन्न अंग के
रूप में हिंदी पत्रकारिता का आविर्भाव हुआ था वहीं दूसरी ओर
स्वाधीनतापूर्व युग में ही धर्म रक्षार्थ एवं धर्म
प्रचार-प्रसारार्थ भी छोटी-मोटी पत्र-पत्रिकाएँ भी प्रकाशित
हुई थीं । विशिष्ट अर्थों में धार्मिक प्रकृति की होते हुए भी
इन पत्र-पत्रिकाओं द्वारा सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय भावनाओं को
अक्षुण्ण रखने का प्रयास किया गया था । इस प्रकार स्वाधीनता
आंदोलन के दौर में दक्षिण में हिंदी में प्रकाशित
पत्र-पत्रिकाओं ने निश्चय ही राष्ट्रीय भावना के परिपोषक की
भूमिका अदा की थी ।
स्वाधीनता प्राप्ति के पश्चात् पूरी गरिमा के साथ दक्षिण में
सांस्कृतिक-साहित्यिक हिंदी पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन का दौर
चल पड़ा । चारों राज्यों में कई समर्पित हिंदी सेवियों ने
हिंदी पत्रकारिता के आलोक बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय सेवा
की है । दक्षिण भारत में आज तक सैकडों की संख्या में हिंदी
पत्र-पत्रिकाएँ प्रकाशित हुई हैं । इन पत्र-पत्रिकाओं की
गरिमा, प्रासंगिकता और प्रभावकारिता को ध्यान में रखते हुए
दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता का गौरवपूर्ण इतिहास लिखा जा
सकता है ।
इतिहास लेखन, उपेक्षा और संवेदनात्मक पहलू
आमतौर पर इतिहास की संज्ञा उसी प्रयास को दी जा सकती है,
जिसमें अतीत का संभव सभी आयामों पर मूल्यांकन के रूप में
अक्षरबद्ध प्रस्तुति हो । ज्ञान अथवा सूचना प्रस्तुत करने लिए
योग्य अथवा संभव आयामों की उपेक्षा इतिहास लेखन का संकुचित
पक्ष कहलाता है ।
दक्षिण में हिंदी भाषाई चेतना, हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार
एवं प्रयोग की गौरवपूर्ण परंपरा, हिंदी साहित्यिक सर्जना एवं
हिंदी पत्रकारिता के उल्लेखनीय विकास के बावजूद जहाँ तक मेरी
जानकारी है हिंदी साहित्येतिहास संबंधी किस भी ग्रंथ में आज तक
इसका सही मूल्यांकन नहीं हो पाया है, यह एक निष्ठुर एवं
विस्मयजनक सत्य है । कई आलोचकों ने यह प्रश्न छेड़ दिया है कि
हिंदी साहित्य तथा पत्रकारिता के इतिहास लेखन के तमाम प्रयासों
में समग्रता की कमी है, हिंदी साहित्य के अधिकांश इतिहासकारों
ने हिंदी भाषा, साहित्य तथा पत्रकारिता के लिए दक्षिण भारत के
प्रदेयों की उपेक्षा की है । उस उपेक्षा से दक्षिण भारत के
हिंदी साहित्यकारों के आत्मबल को क्षति पहुँचने की संभावना है
। भारत में हिंदी पत्रकारिता संबंधी इतिहास ग्रंथों में भी
दक्षिण भारत में हिंदी पत्रकारिता के उदय और विकास संबंधी
विवेचन सर्वदा उपेक्षित रहा । यह बड़ विडंबना है ।
हिंदी भाषा, साहित्य एवं पत्रकारिता के विकास में दक्षिण के
योगदान के आलोक में भी यहाँ के कई हिंदी सेवियों के अंतर्मन
में छिपे संवेदनात्मक पहलू हमारे समक्ष उपस्थित हो जाते हैं ।
उत्तर के तथाकथित बुद्धिजीवियों, साहित्य के अन्वेषी-अध्येताओं
और हिंदी साहित्य के इतिहासकारों ने इतिहास लेखन संबंधी तमाम
प्रयासों में दक्षिण के हिंदी सेवियों, हिंदी साहित्यकारों तथा
पत्रकारों के योगदान का मूल्यांकन नहीं के बराबर किया है । इस
उपेक्षा को लेकर कई साहित्यकार निश्चित रूप से चिंतित हैं ।
एक संवेदनात्मक पहलू यह भी है कि दक्षिण भारत को
‘अहिंदी
प्रदेश’
की संज्ञा से अभिहित किया जा रहा है, जो सर्वदा ग़लत संबोधन है
। जब हिंदी
‘राष्ट्रभाषा’
मानी जाती है, राष्ट्र के किसी प्रदेश विशेष के लिए वह अछूत
भाषा कैसी बन सकती है
? ‘अहिंदी’
शब्द का भारतीय मूल की किसी भी भाषा, व्यक्ति के साथ जोड़कर
प्रयोग करना असंगत एवं निरर्थक प्रयोग माना जाएगा । भारतीय
यानी भारतवासी अथवा भारतीय मूल के व्यक्ति के प्रति
‘हिंदी’
या
‘हिंदीतर’
अथवा तेलुगु भाषी, तमिल भाषी, कन्नड भाषी इत्यादि शब्दों का
प्रयोग किया जा सकता है । दक्षिण भारत के वासियों की अपनी
समृद्ध प्रादेशिक भाषाओं और मातृभाषाओं की मौज़ूदगी के बावजूद
हिंदी के प्रति अनन्य प्रेम देखा जा सकता है। तथाकथित
‘हिंदी
प्रदेश’
के राज्यों के द्वारा आज प्राथमिक स्तर से ही शिक्षालयों में
अंग्रेज़ी की पढ़ाई की व्यवस्था करने में जो रुचि दर्शायी जा
रही है, जबकि भारतीय भाषा परिवेश में श्रेष्ठ चिंतन-अनुचिंतन
के आधार पर प्रतिपादित त्रिभाषा-सूत्र के साथ हिंदी प्रदेशों
का लेना-देना नहीं रह गया है । आज सिर्फ़ दक्षिण भारतवासी
अपनी मातृभाषा अथवा प्रादेशिक भाषा के अलावा हिंदी सीखने के
लिए तत्पर हैं । हाँ, तमिलनाडु में हुई कुछ छुट-पुट घटनाओं के
कारण पूरे दक्षिण भारत पर एक कल्पनात्मक दाग बनी हुई है । इसी
कारण आज अधिकांश हिंदी भाषी तमिलनाडु की ओर इशारा करने के लिए
अपनी तर्जन को सक्षम मानते हैं । यहाँ हम सबको वास्तविक धरातल
पर उतरकर इस प्रश्न को गहराई से समझने का प्रयास किया जाना
चाहिए । अपनी स्वार्थ-सिद्धि हेतु तमिलनाडु की कुछ संकुचित
मानसिकता के राजनीतिक तत्वों ने अपने कुछ अनुयायियों को
असामाजिक शक्तियों के रूप में बदलकर भाषा के नाम पर बीभत्स
मचाने की कोशिशें की थीं । तमिलनाडु ही नहीं, किसी भी प्रदेश
में किसी भाषा के विरुद्ध भी ऐसी घटनाएँ हो सकती हैं, तब उसे
जनमत मानना अथवा उस प्रदेश की जनता की राय मानना असमीचीन ही
नहीं निरर्थक धारणा भी
कहलाएगी
। यह स्पष्ट है कि तमिलनाडु में हिंदी विरोध जनता द्वारा हिंदी
भाषा के प्रति प्रकट विरोध कदापी नहीं है । तमिलभाषी अपने
बच्चों को हिंदी पढ़ाने के लिए तत्पर एवं प्रतिबद्ध हैं । जहाँ
सरकार प्रबंधन के स्कूलों में हिंदी की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं
है, वहीं अभिभावक निजी स्कूलों में दाखिल करवाकर ही सही अपने
बच्चों को हिंदी पढ़ाने की तत्परता दर्शा रहे हैं, यह गौर करने
की बात है ।
भारतीय भाषाओं और हिंदी के प्रति दक्षिण के निश्छल प्रेम और
निष्ठा के बावजूद
‘अहिंदी’
शब्द का प्रयोग संकुचित मानसिकता की ओर इंगित करता है ।
‘तेलुगु
भाषी हिंदी लेखक’,
‘कन्नड
भाषी हिंदी लेखक’
जैसी संज्ञाओं से तो बात समझ में आ जती है । ‘अहिंदी’
शब्द में हिंदी से अस्पृश्यता जैसी भावना का आभास दिलानेवाले
शब्द के प्रयोग की परंपरा समाप्त हो जानी चाहिए । हिंदी के
सर्जनात्मक लेखन की दिशा में अग्रसर होनेवाले लेखक को उसकी
मातृभाषा के साथ भी न जोड़ते हुए
‘हिंदी
साहित्यकार’
की संज्ञा देना ही सर्वदा उचित और स्वागत योग्य प्रयास कहलाएगा
।
‘अहिंदी
भाषियों का हिंदी साहित्य’
वाली संज्ञा के अनुरूप अहिंदी भाषियों की हिंदी,
‘अहिंदी
भाषियों की हिंदी पत्रकारिता’
जैसी भ्रांत संज्ञाएँ स्थाई अस्तित्व पाने में सफल न हो यही
दक्षिण के हिंदी-प्रेमियों, हिंदी सर्जकों एवं हिंदी भाषियों
की भी मन की संवेदना का मूल है ।
दक्षिण में इतिहास लेखन की परंपरा और हिंदी पत्रकारिता की
उपेक्षा
बहरहाल
दक्षिण में भी हिंदी प्रचार आंदोलन के इतिहास संबंधी कई ग्रंथ
प्रकाशित हुए हैं, किंतु अधिकांश इतिहास ग्रंथों में
पत्रकारिता पक्ष की उपेक्षा की गई है । कुछ ग्रंथों में हिंदी
की दो-चार पत्र-पत्रिकाओं के नामों का उल्लेख के सिवाय कोई
विवेचन नज़र नहीं आता है । दक्षिण में हिंदी भाषाई चेतना के
विकास में हिंदी में मौलिक एवं अनूदित साहित्य के सृजन के लिए
संबल देने में दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता के योगदान की
चर्चा करने का साहस अथवा उदारता दिखानेवाले इतिहास लेखकों को
उंगलियों पर गिना जा सकता है । इतिहास-चेतना से उद्वुद्ध
दक्षिण के कुछ विद्वानों द्वारा इधर-उधर कुछ छोटे-मोटे लेखों
के माध्यम से दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता का आभास दिलाने
से बढ़कर आज तक दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता के इतिहास को
अक्षरबद्ध करने का अथवा समग्र रूप से विस्तृत विवेचन प्रस्तुत
करने का कोई उल्लेखनीय प्रयास नहीं हुआ है ।
प्रस्तुत शोध-अध्ययन, उद्देश्य और प्रासंगिकता
इतिहास लेखन के संबंध में दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता के
परिप्रेक्ष्य में ऊपर संदर्भित अभाव को दूर करने की दिशा में
यह शोधकार्य एक प्रथम प्रयास है । इस अध्ययन में कोई
पूर्वाग्रह अथवा पक्षपात नहीं है । दक्षिण में हिंदी भाषा,
साहित्य एवं हिंदी पत्रकारिता के महत्व का रेखांकन, हिंदी
भाषाई हित का चिंतन एवं अनुचिंतन, दक्षिण में हिंदी पत्रकारिता
की दशा-दिशा का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विश्लेषण एवं विवेचन ही
इस शोध का मूल उद्देश्य है । तमाम संभव प्रयासों से प्राप्त
तथ्यों तथा सामग्री के आधार पर आरंभ से आज तक दक्षिण भारत से
हिंदी में प्रकाशित प्रायः सभी पत्र-पत्रिकाओं का अध्ययन और
विवेचन इस शोध-प्रबंध में किया गया है ।
यद्यपि दक्षिण में जहाँ स्वाधीनता के पूर्व ही हिंदी प्रचार का
सिलसिला आरंभ हो चुका था, तथापि आज तक यह लक्ष्य निश्चित रूप
से पूरा नहीं हो पाया है । हिंदी के व्यापक प्रचलन हेतु काफ़ी
प्रयासों की आवश्यकता पड़ेगी । इस दायित्व को पूरा करने में
दक्षिण भारत की हिंदी पत्रकारिता अहम भूमिका निभा सकती है ।
मुख्यतः संविधान की आठवीं अनुसूची में विनिर्दिष्ट भारत की
अन्य भाषाओं में प्रयुक्त रूप, शैली और पदों को आत्मसात करने,
हिंदी के शब्द-भंडार की समृद्धि सुनिश्चित करने संबंधी
संवैधानिक निदेशों के अनुपालन की दिशा में निश्चय ही दक्षिण
भारत की हिंदी पत्रकारिता का सहयोग अपेक्षित होगा । इन सभी
अंशों के आलोक में दक्षिण भारत में हिंदी भाषा के प्रचलन का
जितना महत्व है, हिंदी पत्रकारिता के उदय और विकास का भी उससे
कई गुना अधिक महत्व है ।
इस महत्व को रेखांकित करने की दिशा में आज तक कुछ छोटे-मोटे
लेखों के माध्यम से कुछ प्रयास अवश्य किए गए हैं, किंतु दक्षिण
भारत की हिंदी पत्रकारिता के समग्र अध्ययन का आज तक नितांत
अभाव रहा है । इन सभी तथ्यों के परिप्रेक्ष्य में दक्षिण भारत
की हिंदी पत्रकारिता के उद्गम और विकास पर केंद्रित इस अध्ययन
की प्रासंगिकता है ।
1-2-3-4
◙◙◙
|